पौड़ी : आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डबल लॉक और सीसीटीवी व्यवस्था की जांच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस में सुरक्षा के विभिन्न मानकों को बारीकी से परखा। उन्होंने डबल लॉक प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था और सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता के साथ-साथ उनके रिकॉर्ड का भी अवलोकन किया। निरीक्षण में सीसीटीवी व्यवस्था उचित पाई गई।
सुरक्षा में लापरवाही न बरतने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय क्रियाशील रहने चाहिए।
उन्होंने सुरक्षा में तैनात पुलिस बल को सुरक्षा उपकरणों और अन्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
अग्निशमन उपकरणों की भी परखी कार्यशीलता
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की स्थिति और कार्यशीलता भी जांची। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अग्निशमन यंत्रों का समय-समय पर परीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आकस्मिक स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम एवं वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण, डबल लॉक प्रणाली और वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए वेयरहाउस की सभी व्यवस्थाओं का निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह, अधिशासी अभियंता लोनिवि रीना नेगी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें भाजपा से राजेन्द्र सिंह रावत, कांग्रेस से मनमोहन सिंह रावत तथा भाकपा से सुरेन्द्र सिंह शामिल रहे।

