हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आज हल्द्वानी में हो रही है। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। इसके साथ ही कार्यसमिति की औपचारिक गतिविधियों की शुरुआत हुई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर करीब 2:20 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत के लिए पंतनगर एयरपोर्ट जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:10 बजे प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे। शाम पांच बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और शाम सात बजे कोर कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। सभी बैठकें हल्द्वानी में ही आयोजित की जाएंगी।
2027 के चुनाव पर रहेगा फोकस
भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में संगठन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए और मजबूत करने, बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने तथा सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी संगठन की मौजूदा स्थिति और चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी बैठक का प्रमुख हिस्सा रहेगी।
राजनीतिक रूप से इस बैठक को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में प्रदेश के सभी जिलों से आने वाले पदाधिकारियों से जमीनी फीडबैक लिया जाना अहम माना जा रहा है।
मंत्रियों और विधायकों के कामकाज की भी समीक्षा संभव
पार्टी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, कार्यसमिति और इसके बाद होने वाली संगठनात्मक बैठकों में मंत्रियों और विधायकों के क्षेत्रीय प्रदर्शन, जनता और कार्यकर्ताओं के साथ उनके संपर्क तथा संगठन के साथ समन्वय जैसे विषयों पर भी चर्चा हो सकती है।
इसके अलावा विधानसभा क्षेत्रों में बूथ समितियों की सक्रियता, कमजोर बूथों की पहचान, मंडल और जिला स्तर पर संगठन की स्थिति तथा सरकार की योजनाओं के जमीनी प्रभाव का फीडबैक भी लिया जा सकता है। जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों से मिलने वाली रिपोर्ट को आगामी चुनावी रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि भाजपा की ओर से आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बैठक में किसी मौजूदा विधायक या मंत्री के टिकट को लेकर कोई निर्णय होगा, लेकिन संगठनात्मक स्तर पर होने वाली समीक्षा को 2027 की चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
बैठकों का सिलसिला देर शाम तक
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रदेश नेतृत्व के साथ कई स्तरों पर बैठकें होंगी। प्रदेश कार्यसमिति के बाद प्रदेश पदाधिकारियों और फिर कोर कमेटी की बैठक में संगठन और सरकार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। भाजपा नेतृत्व की कोशिश आगामी चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार तथा संगठन के बीच बेहतर समन्वय कायम करने की है। हल्द्वानी में होने वाली यह बैठक इसी रणनीति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

